संभागीय एवं जिला मुख्यालय शहडोल की यातायात व्यवस्था सुगम बनाने कलेक्टर की पहल
कलेक्टर ने शहडोल नगर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए की बैठक
एसडीएम सोहागपुर विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर सड़क निर्माण के लिए करेंगी मार्गों का चयन
सड़क निर्माण कार्यों के लिए जिला खनिज प्रतिष्ठान मद से स्वीकृति दिलाने की पहल
24Ghanta-Bulletin/30/10/2029
शहडोल( शैलेंद्र तिवारी ) -संभागीय एवं जिला मुख्यालय शहडोल की यातायात व्यवस्था को सुगम और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल ने संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने नगर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा नागरिकों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की पहल की है।
कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल ने निर्देश दिए कि नगर के सभी वार्डों में सर्वाधिक व्यस्त, अधिक आबादी वाले तथा खराब स्थिति वाली सड़कों में से एक-एक सड़क का चयन कर उनका निर्माण कराया जाए। इसके लिए एसडीएम सोहागपुर श्रीमती अमृता गर्ग नगर के विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर सड़क निर्माण के लिए उपयुक्त मार्गों का चयन करेंगी।
कलेक्टर ने सड़क निर्माण कार्यों के लिए जिला खनिज प्रतिष्ठान मद से स्वीकृति दिलाने की पहल भी की है, ताकि चयनित सड़कों के निर्माण कार्य कराकर नगर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम बनाया जा सके।
नगर में आवारा पशुओं के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल ने आवारा पशुओं के एकत्र होने वाले प्रमुख स्थानों का चयन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानों पर नियमित रूप से पशुओं को हटाने की कार्रवाई की जाए तथा आवारा पशुओं को गोशालाओं में भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम हो और नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में एसडीएम सोहागपुर श्रीमती अमृता गर्ग, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री अमित तिवारी तथा सहायक यंत्री एवं उपयंत्री उपस्थित रहे।


0 Comments