नगरीय निकायों के सौंदर्यीकरण और मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता से उपलब्ध कराएं- कलेक्टर

 नगरीय निकायों के सौंदर्यीकरण और मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता से उपलब्ध कराएं- कलेक्टर


स्ट्रीट लाइट, सड़क मरम्मत, पार्कों के विकास, घर-घर कचरा संग्रहण एवं प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण के कार्य प्राथमिकता से कराने के निर्देश


अमृत योजना, मुख्यमंत्री अधोसंरचना विकास कार्यों और प्रधानमंत्री आवास योजना के अपूर्ण कार्य शीघ्र पूरे कराएं


कार्य में लापरवाही एवं धीमी प्रगति पर संबंधित उपयंत्रियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश


              24Ghanta-Bulletin/29/10/2026


शहडोल( शैलेंद्र तिवारी)- कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल ने नगरीय निकायों में सौंदर्यीकरण तथा आम नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं प्राथमिकता से उपलब्ध कराने के निर्देश कलेक्टर कार्यालय के विराट सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिए। उन्होंने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था, पार्कों का निर्माण, ओपन जिम, गौशालाओं का संचालन, सड़कों का चौड़ीकरण एवं मरम्मत, सीसीटीवी कैमरे लगाने, कन्या विद्यालयों एवं छात्रावासों के आसपास स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था तथा घर-घर कचरा संग्रहण और उसके उचित निष्पादन जैसे कार्य प्राथमिकता से कराए जाएं। कलेक्टर ने प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण, गीता भवन, गंदे पानी के ट्रीटमेंट तथा नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता एवं नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।


अमृत योजना एवं अन्य विकास कार्यों को शीघ्र पूरा कराएं


कलेक्टर ने अमृत योजना के अंतर्गत स्वीकृत जल प्रदाय योजनाओं, घरों में नल कनेक्शन उपलब्ध कराने, वाटर बॉडी के निर्माण एवं उनके सौंदर्यीकरण तथा मुख्यमंत्री अधोसंरचना विकास योजना के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कायाकल्प अभियान-1 एवं 2 के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों को भी समय-सीमा में पूरा कराने को कहा। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना-1 एवं 2 के अंतर्गत अपूर्ण आवासों का निर्माण शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मिल सके।


धीमी प्रगति पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश


कलेक्टर ने अमृत योजना, शहडोल के कार्यों की धीमी प्रगति पर संबंधित उपयंत्री को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार मुख्यमंत्री अधोसंरचना विकास कार्यों की प्रगति धीमी होने पर खांड एवं बकहो के उपयंत्रियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास निर्माण कार्य पूर्ण नहीं होने पर ब्यौहारी, खांड एवं धनपुरी के उपयंत्रियों को एक वेतनवृद्धि रोकने संबंधी नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में परियोजना अधिकारी, शहरी विकास अभिकरण श्री अंकित ऊके, मुख्य नगर पालिका अधिकारी शहडोल एवं धनपुरी श्री अमित तिवारी सहित ब्यौहारी, खांड एवं बुढ़ार के मुख्य नगर पालिका अधिकारी तथा संबंधित नगरीय निकायों के उपयंत्री उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments